जौनुपर। जिले के अलग-अलग स्थानों पर गुरुवार को शार्ट सर्किट से आग लगने से कई खेतों में खड़ी गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई। लोगों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जफराबाद प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के महरूपुर गांव में बिजली के खंभे में लगे ट्रांसफार्मर से अचानक चिंगारी निकलने लगी। इससे पिंकू सिंह की दो बीघा फसल राख हो गई। इस बीच तेज हवा चलने से आग ने अवधेश सिंह, अनिल सिंह और फुलगेंन यादव की करीब चार बीघे की फसल को भी अपनी जद में ले लिया। वहीं, सुईथाकला प्रतिनिधि के अनुसार सरपतहा थाना क्षेत्र के कम्मरपुर गांव में शार्ट सर्किट से लगी आग से अनंतु, बुझावन, बृजलाल, रामचेत, श्यामलाल, भिखारी, रामचंद्र, मो. परबीन, संकठा प्रसाद दूबे की 10 बीघा गेहूं की फसल राख हो गई। इसी तरह मुंगराबादशाहपुर प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के धौरहरा गांव में लगी आग से बलराम पटेल की एक बीघा फसल जल गई।