जौनपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी ने गुरुवार को पोलिंग पार्टियों को बूथों पर जाने के लिए बनाए गए रवानगी स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई और पीने के पानी की समुचित व्यवस्था कराए जाने का निर्देश दिया। जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी ने बताया कि मतदान कराने के लिए बूथों पर मतदान कार्मिकों को जाने के लिए तीन स्थल बनाए गए हैं। जिसमें बीआरपी इंटर कालेज, राजकीय पालीटेक्निक जगदीशपुर एवं टी.डी कालेज है। इन स्थलों से पोलिंग पार्टियां बूथों के लिए रवाना होंगी। उन्होने बताया कि बीआरपी इंटर कालेज से बदलापुर, शाहगंज व सदर की पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। इसी प्रकार राजकीय पालीटेक्निक जगदीशपुर से मड़ियाहूं, जफराबाद, केराकत और टीडी कालेज से मल्हनी, मुगराबादशाहपुर, मछलीशहर की पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी । इस अवसर पर मतदान कार्मिक अधिकारी गौरव वर्मा, उप जिला निर्वाचन अधिकारी आरपी मिश्र, डीडीओ दयाराम, डीएसटीओ आरडी यादव उपस्थित रहे।