जौनपुर। अलग पूर्वांचल राज्य बनाने व राज्य पुर्नगठन आयोग के गठन की मांग को लेकर पूर्वांचल राज्य गठन मोर्चा का कलेक्ट्रेट परिसर में चल रहा तीन दिवसीय अनशन बुधवार को समाप्त हो गया। इस दौरान अनशन में उपस्थित लोगों ने मुंडन कराकर मांगों को पूरा करने की आवाज उठाई।
पूर्वांचल राज्य गठन मोर्चा के संयोजक राजकुमार ओझा ने कहा पूर्वांचल राज्य बनाने की काफी लंबे समय से मांग की जा रही है। लेकिन सरकार की ओर से अभी तक इसे पूरा नहीं किया गया है। यदि समय रहते सरकार द्वारा पूर्वांचल राज्य बनाने पर विचार नहीं किया गया तो पूरे पूर्वांचल में सड़क पर उतरकर संघर्ष व आंदोलन किया जाएगा। साथ ही अंतिम सांस तक इसकी लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल का बेरोजगार नवजवान अब पूर्वांचल राज्य की जरूरत को महसूस कर रहा है। अनशन में संजय उपाध्याय, कमलेश्वर मिश्र, रजनीश तिवारी, राजकुमार गौतम, वकील अहमद, विशुन देव,ध्यानचंद ओझा, गुलाबशंकर मिश्र, अमित मिश्र आदि मौजूद रहे।