बरईपार। मछलीशहर उपकेंद्र से जुड़े बरईपार फीडर की विद्युत व्यवस्था संविदा बिजली कर्मियों की हड़ताल से चरमरा गई है। फीडर की बिजली सोमवार रात से ब्रेकडाउन है। जिससे सप्लाई नहीं हो पा रही है। जिसके वजह से सकरा, रामपुर, कपुरपुर, कटका, बरईपार, वारी, कान्हापुर, भाऊपुर, अधकचा आदि गांवों की विद्युत व्यवस्था प्रभावित हो रही है। 31 मार्च 2019 को संविदा लाइनमैन का टेंडर की अवधि समाप्त हो गई है। प्राइवेट लाइनमैनों का कहना है कि यदि विभाग जिम्मेदारी ले तो हम लोग काम करेंगे। इधर विभाग प्राइवेट लाइनमैन की जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं है।
विद्युत मजदूर यूनियन के महामंत्री अखिलेश कुमार तिवारी का कहना है कि टेंडर समाप्त होने के बाद यदि कोई दुर्घटना होती है तो विभाग उसकी जिम्मेदारी नहीं लेता है। जब तक विभाग जिम्मेदारी नहीं लेगा तब तक हम लोग कार्य का बहिष्कार करेंगे। बार-बार हड़ताल पर जाने से उपभोक्ताओं में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि विद्युत विभाग की रोज की समस्या हो गई है अभी पिछले महीने लगातार 8 दिन हड़ताल चली थी। हड़ताल के वजह से आम जनजीवन प्रभावित है। एसडीओ अमर सिंह पटेल ने बताया कि टेंडर समाप्त हुआ है। जल्द ही नया टेंडर होगा। तब तक सरकारी लाइनमैन बिजली व्यवस्था सही करेंगे। अभी हमारे पास एक ही लाइनमैन है। जल्द ही विद्युत सेवा शुरू करवा दी जाएगी।