जौनपुर। उप जिला निर्वाचन अधिकारी आरपी मिश्र ने शनिवार को जफराबाद विधानसभा में मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान बूथ संख्या 163 प्राइमरी पाठशाला धनेजा मतदेय स्थल पर प्रारुप छह पर रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के हस्ताक्षर नहीं पाए गए। जिस पर तहसीलदार को हस्ताक्षर कराने का निर्देश दिया गया। वहीं सभी बूथों के प्रारुप छह, सात, आठ एवं 8 ए का विवरण तैयार कराकर मतदेय स्थलवार पत्रावली रखने और दो दिन के अंदर फीडिंग कराने सहित सहायक रिटर्निंग आफिसर राकेश कुमार को 383 बूथों की पत्रावली लेकर दो दिन में स्थलीय सत्यापन कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी आरपी मिश्र ने जफराबाद विधान सभा में एक सितंबर से 30 नवंबर तक चलाए गए संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के पत्रावलियों की जांच की। इस दौरान कुल 383बूथों की पत्रावलियों की जांच की। जिसमें केराकत तहसील के 53 बूथ, सदर तहसील के 212 बूथ और मड़ियाहूं तहसील के 55बूथ की पत्रावलियां हैं। इस दौरान बूथ संख्या 163 प्राइमरी पाठशाला धनेजा मतदेय स्थल की पत्रावलियों की जांच हुई। जिसमें बीएलओ मंजू देवी द्वारा कुल 23 नए मतदाता बढ़ाए गए हैं। जबकि 12 मतदाता विलोपित किए गए हैं। जिसमें मृतक, दूसरे स्थान पर रहने वाले और डुप्लिकेट वोटरों के नाम काटे गए हैं। लेकिन प्रारुप छह पर रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के हस्ताक्षर नहीं पाए गए। जिस पर तहसीलदार को स्वीकृत आदेश पर बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी/ रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के हस्ताक्षर कराने का निर्देश दिया।
इसके अलावां तहसीलदार को सभी बूथों के प्रारुप छह, सात, आठ व आठ ए का गोश्वारा तैयार कराकर मतदेय स्थलवार पत्रावली में रखने,इन प्रारुपों से संबंधित प्रत्रावलियों पर लिए गए निर्णय से संबंधित आदेश अंकित कराने व दो दिन के अंदर सभी कार्यवाई पूरा कराने का निर्देश दिया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी को बताया गया कि कुल 383 बूथों में कुल 147 मतदाताओं के नाम विलोपित किए गए हैं। जिस पर सहायक रिटर्निंग आफिसर राकेश कुमार को 383 बूथों की पत्रावली लेकर स्थलीय निरीक्षण कर दो दिन के अंदर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है।