जौनपुर। अनुदानित महाविद्यालय विश्वविद्यालय अनुमोदित शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष डा. विजय प्रताप तिवारी ने कहा कि अशासकीय अनुदानित महाविद्यालयों में कार्यरत स्ववित्तपोषित शिक्षकों को सरकार द्वारा न्यूनतम वेतनमान संबंधी शासनादेश जनवरी के पहले जारी कर दिया जाएगा। शिक्षक संघ की बैठक में पूर्वांचल विश्वविद्यालय के स्ववित्तपोषित शिक्षक संघ के अध्यक्ष डा. अनुराग मिश्र ने कहा कि स्ववित्त पोषित शिक्षकों को न्यूनतम वेतनमान 2013 में ही मिल जाना चाहिए था। लेकिन प्रदेश सरकार की हठधर्मिता के चलते आज भी स्ववित्तपोषित शिक्षक यूजीसी का निर्धारित न्यूनतम वेतन नहीं प्राप्त कर सके। अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में संचालित स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों में कार्यरत शिक्षकों को एक मार्च 2013 के आदेश के द्वारा सरकार को न्यूनतम वेतनमान दिए जाने का आदेश दिया था। सरकार उक्त आदेश के विरुद्ध सुप्रीम कोर्ट में जाकर एसएलपी दायर कर दिया था। सरकार की दलील को न्यायालय ने खारिज कर दिया था। बावजूद इसके सरकार इन शिक्षकों को न्यूनतम वेतनमान के आदेश को पूरा नहीं किया था। न्यायालय ने उच्चाधिकारियों से जानकारी तलब की है।