जौनपुर में कोरोना से हालात भयावह होते जा रहे हैं। जिले में बुधवार को 111 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले। पीड़ितों में मड़ियाहूं, केराकत और खेतासराय थाने के 13 पुलिसकर्मी, नगर पालिका जौनपुर और खेतासराय के चार कर्मचारी, मछलीशहर का डाककर्मी, जिला और टीबी अस्पताल के एक-एक और जंघई रेलवे स्टेशन के तीन कर्मचारी शामिल हैं। सिकरारा ब्लाक के ताहिरपुर में कोरोना से मृत महिला के संपर्क में आने वालेे 23 लोग संक्रमित हुए हैं। धर्मापुर, मुंगराबादशाहपुर, मड़ियाहूं और डोभी के पीड़ितों की संख्या अधिक है। इसके साथ संक्रमितों की संख्या 1116 पहुंची गई है। इसमें 16 लोगों की जान जा चुकी है। डीएम ने इसकी पुष्टि की है।
जनपद में 20 जुलाई को 63 मरीज मिले थे। अब बुधवार को 111 लोग संक्रमित मिले। नगर पालिका जौनपुर के तीन सफाई कर्मचारियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद कार्यालय को बंद कर सैनिटाइजेशन कराया जा रहा है। जिला अस्पताल के सामने मेडिकल स्टोर संचालक के परिवार में दो, लाइन बाजार और मानिक चौक का एक-एक, एक्सिस बैंक में कार्यरत युवक, टीबी हॉस्पिटल और जिला अस्पताल के एक-एक कर्मचारी भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
अन्य मरीजों में मुफ्तीगंज के अहन का युवक, डोभी सीएचसी में कार्यरत एक कर्मचारी, देवलासपुर और खुज्जी के एक-एक, अइलियां के दो, बक्शा के पांच, महराजगंज के मरहखपुर निवासी अधेड़, करंजाकला के पदुमपुर में एक ही परिवार के दो मरीज शामिल हैं। मछलीशहर डाकघर में लिपिक मुंगराबादशाहपुर निवासी युवक की रिपोर्ट बुधवार को कोरोना पॉजिटिव आते ही मछलीशहर डाकघर में कामकाज ठप हो गया।
खेतासराय नगर पंचायत कार्यालय के प्रकाश विभाग में तैनात एक कर्मी भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। ईओ अमित कुमार ने बताया कि कार्यालय को 24 घंटे के लिए बंद कर पूरे परिसर को सैनिटाइज कराया जा रहा है। जंघई जंक्शन रेलवे स्टेशन पर डीसीएम ट्रेन का संचालन करने वाले तीन टेक्निशियन कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। पीड़ितों में एक बिहार, एक गाजीपुर और एक लखनऊ के भी हैं।
जिले में कोरोना बढ़ते संक्रमण को देखते हुए लोग सावधानी बरतें। खुद को और परिवार को सुरक्षित रखने के लिए बिना किसी शर्म, संकोच के सर्दी-खांसी व बुखार के लक्षण वाले लोग नजदीकी अस्पताल पर जाकर जांच कराएं। बीमारी की समय से पहचान होने पर उसे सहजता से नियंत्रित किया जा सकता है। यह सबकी सुरक्षा के लिए बेहतर है।
दिनेश कुमार सिंह, डीएम।