जौनपुर। दिल्ली से आए एक ही परिवार के चार सदस्यों समेत 11 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। पीड़ितों में चार जिला जेल के बंदी भी हैं। उन्हें जेल में भी आइसोलेट कर दिया गया है। अन्य मरीजों को एल-2 अस्पताल व होम आइसोलेशन में रखा गया है। नए मरीजों के बाद जिले में कोरोना पॉजिटिव केस की संख्या 6125 हो गई है। इसमें 5884 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 90 की मौत हुई है।
मुफ्तीगंज के बेलांव गांव निवासी एक परिवार के लोग दिल्ली में रहकर रोजगार करते हैं। बेटी की शादी के लिए वह दिल्ली से गांव आए थे। सर्दी-खांसी, बुखार की शिकायत पर उनकी जांच हुई तो पिता और दो पुत्रों समेत चार लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। चारों को कोविड एल-2 अस्पताल लाया गया। हालत गंभीर देख पिता (58) को बीएचयू रेफर कर दिया गया। तीन अन्य का उपचार एल-2 अस्पताल में चल रहा है। उधर, जिला जेल के चार बंदी भी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। गौराबादशाहपुर के बंजारेपुर गांव निवासी एक वृद्ध (62) की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। वह मुफ्तीगंज के भोगीपट्टी गांव स्थित बेटी के घर रहता था। शहर के सुतहट्टी निवासी एक युवक भी कोरोना से संक्रमित मिला है। मछलीशहर सीएचसी की टीम ने डॉ. बीएल यादव के नेतृत्व में मदरसा नेशनल इस्लामिया मीरगंज के परिसर में कैंप लगाया। तीस लोगों की एंटीजन किट से जांच हुई, जबकि 20 का सैंपल लैब के लिए भेजा गया। डीएम दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार को 1754 सैंपल के रिजल्ट आए, जिसमें 11 पॉजिटिव हैं। पहले के भर्ती छह मरीज ठीक हुए हैं। कुल 1928 नए सैंपल लिए गए। अब 247525 सैंपल लिया जा चुका है, जिसमें 245527 का रिजल्ट आया है।