सतहरिया। मुंगराबादशाहपुर स्थित मंडी समिति परिसर में साफ सफाई का समुचित प्रबंध न होने से किसानों तथा व्यापारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। साफ सफाई में लापरवाही का आलम यह है कि गेट नंबर एक पास बाहर कूड़ा करकट का ढेर हमेशा लगा रहता है। और गंदे पानी के निकास के लिए बनी नाली भी उससे पट गई है। यही हाल मंडी के भीतर है। पूरे परिसर में जगह-जगह कूड़े का अंबार तथा सड़ी गली सब्जी, फल वगैरह फेंका रहता है। नालियां भी कूड़ों से ढक गई है। सुरक्षा की दृष्टिकोण से भी यहां उचित व्यवस्था नहीं है। परिसर में छुट्टा पशुओं का जमावड़ा रहता है। स्वच्छता पर ध्यान नहीं दिए जाने के कारण हमेशा संक्रामक बीमारी फैलने की आशंका बनी रहती है। किसानों तथा व्यापारियों का कहना है कि टैक्स तो वसूला जा रहा है लेकिन यहां पर सुविधा कुछ नहीं है। भाकियू जिलाध्यक्ष राजनाथ यादव, भाकपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष रामनाथ यादव तथा भाजपा किसान मोर्चा के महामंत्री गीरीश शर्मा ने जिला प्रशासन से साफ सफाई व्यवस्था की समुचित प्रबंध कराने की मांग की।