जफराबाद। क्षेत्र के मिसिरपुर गांव में उप जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग के अधिकारियों तथा पुलिस टीम के साथ गुरुवार को प्राथमिक विद्यालय की जमीन तथा सार्वजनिक मंदिर की भूमि से अतिक्रमण हटवाया। प्राथमिक विद्यालय की भूमि तथा गांव में स्थित मंदिर की भूमि पर कुछ लोग कब्जा जमाए हुए थे। जिसकी शिकायत ग्रामीणों ने कई बार पुलिस प्रशासन तथा उच्च अधिकारियों को किया था। गुरुवार को ग्रामीणों की शिकायत पर उप जिलाधिकारी सदर, तहसीलदार, नायब तहसीलदार तथा जफराबाद की पुलिस मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण को हटवाया। उप जिलाधिकारी ने बताया कि गांव के कुछ लोगों ने स्कूल तथा मंदिर की भूमि कब्जा किया था। लेखपाल की रिपोर्ट पर गुरुवार को कब्जा की गई जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया। सरकारी जमीन की घेराबंदी कर उसे चिन्हित किया गया। कब्जा करने वालों को हिदायत दी गई है कि दोबारा भूमि पर कब्जा करते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।