शाहगंज। नगर की दुर्दशा से आक्रोशित लोगों ने लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करने का मन बना लिया है। गुरुवार को नगर में जगह-जगह इस आशय के पोस्टर चस्पा देख चर्चाओं का बाजार गरम रहा। पोस्टर किसने लगवाए, इसकी जानकारी नहीं हो सकी है। बता दें कि पिछले वर्ष दिसंबर में लोक निर्माण विभाग ने सड़क चौड़ीकरण के बाबत सूचना प्रसारित की थी कि प्रमुख मार्गों से लोग स्वत: ही अतिक्रमण हटा लें। इसके बाद ज्यादातर लोगों ने अपने-अपने अतिक्रमण हटा लिया लेकिन एक वर्ष बीतने के बाद भी लोक निर्माण विभाग ने नाली और सड़क का निर्माण नहीं कराया। इससे आजिज क्षेत्र के लोगों में नाराजगी है। खस्ताहाल सड़क के कारण दुकानदारों का रोजगार चौपट हो रहा है। बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी होती है। धूल-मिट्टी और कीचड़ से लोग परेशान हैं। ऐसे नगर के मुख्य मार्ग पर जगह-जगह चुनाव बहिष्कार के पोस्टर चस्पा करना विकास कार्यों में लापरवाही से आमजन में रोष का पर्याय हो सकता है। यह नगर में चर्चा का विषय बना हुआ है।