05- नवाब यूसुफ रोड के किनारे सड़क पर जमा बारिश का पानी।
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। मौसम में बदलाव का शुक्रवार को भरपूर असर दिखा। चिलचिलाती धूप से बेहाल हो चुके लोगों को रिमझिम बारिश की बूंदों ने बड़ी राहत दी। बारिश से मौसम सुहाना हो गया है। वहीं तापमान में भी पांच डिग्री सेंटीग्रेड की गिरावट दर्ज की है। दिन का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेंटीग्रेड रिकार्ड किया गया। बृहस्पतिवार की देर रात से शुरू हुई बारिश शुक्रवार की दोपहर तक रुक-रुक कर जारी रही। इससे शहर की सड़कों, गलियों में जगह-जगह जलजमाव हो गया। निकासी के पर्याप्त इंतजाम न होने से लोग पानी से ही होकर आने-जाने का विवश रहे। बिजली व्यवस्था भी घंटों ध्वस्त रही।
मौसम विभाग ने बारिश का पहले ही अंदेशा जता दिया था। इसके अनुरुप ही बृहस्पतिवार की शाम से ही बादल बनने लगे थे। ठंडी हवा के झोंकों के साथ पहले बूंदाबांदी हुई, फिर रिमझिम बारिश का क्रम शुरू हो गया। रात भर रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहा। इसके चलते सुबह तक कई इलाकों में सड़कों पर पानी लग गया। शहर के कालीकुत्ती इलाके में नाली निर्माण के लिए सड़क की खुदा होने से बारिश का पानी रास्ते में भर जाने से राहगीरों को काफी फजीहत झेलनी पड़ी। नईगंज मोहल्ले में निर्माणाधीन हाईवे पर बने-बने बड़े गड्ढों में भी पानी भरने से राहगीरों को गिरते-पड़ते यात्रा करनी पड़ी। लाइन बाजार, कुत्तुपुर बाइपास, पचहटिया, सिपाह मोहल्लों में भी सड़कों के गड्ढों में पानी भरने से लोगों को दिक्कतें हुई। किसानों के लिए जहां बारिश फायदेमंद है तो भट्ठा मालिकों को इससे
करारी चपत लगी है। कृषि विज्ञान केंद्र बक्शा के मौसम वैैज्ञानिक पंकज जायसवाल ने बताया कि पहाड़ी क्षेत्रों में 5.8 से 7.6 किमी के बीच मध्य ट्रोपोस्फीयर वेस्टरलीज में चक्रवाती परिसंचरण के रूप में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर पश्चिम गंगा की मैदानी इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई। जिले में करीब 32 मिमी तक बारिश का अनुमान था। रात 10 से सुबह 10 बजे तक 10 मिमी की वर्षा हुई है। अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेंटीग्रेड रिकार्ड किया गया है। छह जून को भी हल्की से मध्यम वर्षा के आसार हैं।