जौनपुर। नगर पालिका जौनपुर के बोर्ड की बैठक शुक्रवार की देर रात तक चली। ईओ संतोष कुमार मिश्र के मुताबिक, बैठक में सहमति से एक अरब 67 करोड़ रुपये का बजट पास हुआ। साथ ही सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने आदि को लेकर सभासदों ने विचार किया। नगर पालिका बोर्ड की बैठक अध्यक्ष माया टंडन की अध्यक्षता में दोपहर दो बजे से शुरू हुई, जो रात आठ बजे तक चलती रही। इस दौरान नगर में विकास कार्य कराने और कर्मचारियों के वेतन एवं पेंशन को लेकर पूर्व से निर्धारित एक अरब 67 करोड़ रुपये के बजट को पास करने के लिए सभासदों के समक्ष रखा गया। जिस पर काफी मंथन करने के बाद सहमति बनी। हालांकि नगर पालिका क्षेत्र की दुकानों के किराये की बढ़ोत्तरी को आदेश को संशोधित करने की मांग की गई। इसी तरह, नगर में सफाई कर्मचारियोें की संख्या बढ़ाने पर भी विचार किया गया। इसके अलावा, सालिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लाट के बाइलाज को अगले बोर्ड की बैठक में रखने की मांग की गई। इस पर भी सहमति बनी। इस दौरान दौरान सभासद रेनू पाठक, शिव कुमार, सरफराज, दीपक जायसवाल, नंदलाल यादव, सहनवाज, नमिता सिंह आदि मौजूद रही।