उरई। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अजनारी रोड गणेशधाम के पीछे घर के सामने बाइक खड़ी करने से मना करने पर दो भाइयों नरेंद्र व गंगाचरण व पिता वीर सिंह ने हेमंत पुत्र रामनारायण पर चाकू से वार कर दिया था। भाई को बचाने आई बहन रागिनी के साथ भी मारपीट की थी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने युवक व उसकी बहन को आनन फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां युवक की हालत नाजुक देखते हुए युवक को झांसी रेफर कर दिया था। वहीं बहन रागिनी की तहरीर पर दो युवकों व उसने पिता के खिलाफ पुलिस ने जानलेवा हमले का मामला दर्ज कर लिया है। इसी के चलते युवक ने देर रात झांसी मेडिकल कालेज में दम तोड़ दिया। युवक हेमंत का शव जैसे ही घर आया तो घर में कोहराम मच गया। वहीं पुलिस आरोपी पिता पुत्रों की तलाश कर रही है। कोतवाल शिवगोपाल सिंह ने कहा कि आरोपियों की तलाश की जा रही है, जल्द ही आरोपी गिरफ्त में होंगे।