आटा। मंगलवार दोपहर नेशनल हाईवे पर लोडर ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई और उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए था, जिससे सिर में गंभीर चोटें आने से मौत हो गई।
आटा थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे स्थित चमारी बस स्टैंड के पास कालपी की तरफ से आ रही लोडर ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने पर बाइक लोडर में फंस गई ।इससे बाइक सवार शिवम (18) निवासी चमारी और दोस्त विवेक (19) गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों को एंबुलेंस से उरई मेडिकल कॉलेज ले गई। वहां डाक्टरों ने शिवम को मृत घोषित कर दिया और गंभीर रूप से घायल विवेक को झांसी रेफर कर दिया। शिवम की मौत से मां लीलावती, बड़े भाई वीरू व परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। पुलिस ने लोडर कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया।