उरई। पुणे से गोरखपुर जा रही साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 15030 में सवार महिला को प्रसव पीड़ा होने लगी। कंट्रोल रूम की सूचना पर महिला को उरई स्टेशन पर ट्रेन से उतारकर एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। जहां उसने एक बेटी को जन्म दिया। जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।
रविवार को पुणे से गोरखपुर जा रही पुणे एक्सप्रेस के जनरल कोच में सवार प्रतिमा (36) पत्नी संतोष निवासी जगदीशपुर जिला कुशीनगर को प्रसव पीड़ा होने लगी। यात्रियों ने इसकी जानकारी कंट्रोल रूम को दी।
कंट्रोल रूम की सूचना पर उरई रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ दरोगा देशराज सिंह व महिला आरक्षी सीमा व जयंती ने महिला को ट्रेन से उतारा और एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल पहुंचाया। इसके चलते ट्रेन उरई रेलवे स्टेशन पर दस मिनट अतिरिक्त खड़ी रही। जहां महिला अस्पताल में प्रसूता ने बेटी को जन्म दिया।
संतोष ने बताया कि यह उनकी दूसरी बेटी है। वह पुणे में पेंटर का काम करते है। वह पुणे से अपने गांव एक शादी समारोह में हिस्सा लेने जा रहा था।