उरई। किराये के मकान में रह रही महिला ने मानसिक तनाव के चलते कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी।
सुबह बच्चे सोकर उठे तो मां को फंदे पर लटका देख सहम गए। उनके रोने की आवाज जब लोगों ने सुनी तो पुलिस को सूचना दी गई। मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालियों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
भिंड जिले के मछंड थाना क्षेत्र के बोनापुर गांव निवासी पंकज सिंह राजावत की 34 वर्षीय पत्नी सपना राजावत शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नया पटेलनगर में किराये के मकान में रह रही थी। बुधवार की रात उसने कमरे में लगे हुक से साड़ी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंचे ऊमरी निवासी मृतका के पिता नरेंद्र सिंह ने बताया कि सपना की शादी करीब 13 वर्ष पहले पंकज के साथ हुई थी।
घर में विवाद के चलते सपना किराये के मकान में अपने दोनों बच्चों के साथ रह रही थी। पति गुजरात में रहकर एक कंपनी में काम करता है। आरोप है कि पति फोन पर उसे प्रताड़ित करता था। इससे वह मानसिक रूप से परेशान रहती थी। इसी के चलते उसने फंदा लगाकर जान दे दी। कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र पटेल का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जांच-पड़ताल की जा रही है।