माधौगढ़। गोहन थाना क्षेत्र के गांव बिजदुंवा के मजरा रामनगर में शनिवार दोपहर को सांप ने एक महिला को डस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र माधौगढ़ और बाद में जिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। रामनगर निवासी रजनी देवी (38) शनिवार दोपहर खाना बनाने के लिए घर के पास रखे उपले लेने गई थीं। इसी दौरान उपलों में छिपे सांप ने उन्हें डस लिया। घर लौटने पर उन्होंने परिजनों को घटना की जानकारी दी। कुछ ही देर में उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। गोहन थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।