मुहम्मदाबाद (जालौन)। कैंसर की बीमारी से तंग आकर महिला ने घर के छप्पर में लगी बल्ली से रस्सी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। सुबह परिजनों ने उसका शव फंदे से लटका देखा तो पुलिस को सूचना दी।
डकोर कोतवाली क्षेत्र के ऐरी रमपुरा निवासी महेंद्र प्रजापति की 30 वर्षीय पत्नी लाड़कुंवर ने फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। परिजनों ने बताया कि वह कैंसर की बीमारी से पीड़ित थी, उसका ग्वालियर में इलाज चल रहा था। इलाज के बाद भी आराम न मिलने से वह मानसिक रूप से परेशान रहती थी। सूचना पर हमीरपुर जिले के राठ थाना क्षेत्र के धमना गांव निवासी मृतका के भाई तुलाराम ने बताया कि उसके एक पुत्र व एक पुत्री है। पति मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता है। महिला की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।