जालौन। नवीन गल्ला मंडी में नीलामी चबूतरे के बाहर रखे गेहूं की नियमित उठान नहीं हो रही है। इसके चलते सोमवार को हुई बारिश में सैकड़ों क्विंटल गेहूं भीग गया है।
नवीन गल्ला मंडी में किसानों से एमएसपी दर पर गेहूं खरीदने के लिए 19 केंद्र खोले गए हैं। इन केंद्रों पर किसान लगातार गेहूं बेचने के लिए ला रहे हैं। अब तक इन क्रय केंद्रों पर 25 हजार क्विंटल से अधिक गेहूं की खरीद हो चुकी है। लेकिन ठेकेदार की गेंहू के उठान की व्यवस्था सही नहीं हैं। ठेकेदार द्वारा नियमित गेहूं की उठान न कराने से नीलामी चबूतरे पर टिन शेड के नीचे गेंहू की बोरियां भर चुकी हैं। नीलामी चबूतरे पर जगह न बची होने से केंद्र प्रभारियों ने गेहूं को नीलामी चबूतरे के नीचे रखवाना शुरू कर दिया है।
इसके साथ ही सैकड़ों क्विंटल गेंहू खुले आसमान के नीचे रखा हुआ है। हालांकि कुछ केंद्रों पर बाहर रखे गेंहू को तिरपाल से ढक दिया गया है। फिर भी कुछ केंद्रों के बाहर खुले में गेहूं की बोरियां रखी हुई हैं। सोमवार की शाम अचानक बेमौसम बारिश ने खुले में रखे गेंहू को भिगो दिया है। इसके अलावा कुछ किसान भी अपना गेहूं बेचने के लिए लाए थे, वो भी भीग गया है। हालांकि बारिश अधिक न होने से उतना अधिक नुकसान नहीं हुआ है। फिर भी यदि जोरदार बारिश होती है तो पूरा गेहूं खराब हो सकता था। इस बाबत मंडी सचिव वीरेंद्र कुमार ने बताया कि ठेकेदार को गेहूं के नियमित उठान के आदेश दिए हैं। साथ ही केंद्र प्रभारियों को भी खुले में रखे गेहूं को तिरपाल आदि से ढंक कर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
वर्जन
ठेकेदारों को निर्देश दिया गया है कि वह गेहूं का नियमित उठान करें। केंद्र प्रभारियों को भी खुले में रखे गेहूं को तिरपाल आदि से ढंककर रखने को कहा गया है। जल्द उठान कराई जाएगी। -अतुल कुमार, एसडीएम