मुहम्मदाबाद। कार अनियंत्रित होकर खड्ड में पलट गई। जिससे उसमें सवार दो भाइयों सहित पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने सभी को निकालकर सीएचसी पहुंचाया। जहां गंभीर हालत होने पर उन्हें झांसी रेफर कर दिया। जहां रास्ते में एक युवक की मौत हो गई।
डकोर कोतवाली क्षेत्र के चिल्ली गांव निवासी रविंद्र निरंजन (50) शुक्रवार को अपने पिता झुन्नीलाल को लेने कार से जबलपुर गए थे। शनिवार को वह भाई नरेंद्र सिंह व पिता के साथ लौट रहे थे, जैसे ही कार महोबा के पनवाड़ी के पास पहुंची तभी अनियंत्रित होकर खड्ड में गिर गई। जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने सभी को सीएचसी पहुंचाया। जहां गंभीर हालत होने पर उन्हें झांसी रेफर कर दिया। रास्ते में रविंद्र की मौत हो गई। उसकी मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। छोटे भाई व पिता का इलाज चल रहा है। बताया कि रविंद्र खेती किसानी करता था। उसके एक पुत्र है।