जालौन। कोतवाली क्षेत्र के भदवां स्टैंड पर रविवार रात शराब के नशे में लात मारने से गुस्साए आरोपी ने पत्थर से कूंचकर ग्रामीण की हत्या कर दी। सुबह टहलने निकले लोगों ने लहूलुहान शव पड़ा देखकर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर सीओ व कोतवाल पहुंचे और जांच पड़ताल की। पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि शराब के नशे में मृतक ने आरोपी को लात मारकर दाढ़ी खींच दी थी।
कोतवाली क्षेत्र के सहाव के भदवां स्टैंड पर सोमवार की सुबह जब ग्रामीण टहलने के लिए निकले तो उन्हें पंक्चर की दुकान के पास एक व्यक्ति का लहूलुहान शव पड़ा दिखा। चेहरे पर चोटों के निशान थे और उनसे खून निकल रहा था। सड़क किनारे शव पड़े होने की जानकारी मिलते ही वहां भीड़ जुट गई। किसी ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एएसपी असीम चौधरी, सीओ रामसिंह, कोतवाल विमलेश कुमार मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव की शिनाख्त सहाव निवासी रामकुमार (52) के रूप में की।
हत्या की जानकारी पाकर पहुंचे छोटे भाई भाई रामचंद्र ने बताया कि रामकुमार अविवाहित था। वह सहाव निवासी गजेंद्र की पंक्चर की दुकान पर काम करता था। दुकान बंद होने के बाद दुकान की रखवाली के लिए वहीं सोता था। पुलिस ने जांच पड़ताल की तो पता चला कि दुकान के सामने कुछ दूरी पर टट्टर में एक व्यक्ति सो रहा है। उसके कपड़े पर खून लगा है और शरीर पर खरोंच के निशान हैं।
इसके बाद पुलिस उसे कोतवाली ले आई। पूछताछ में माधौगढ़ कोतवाली क्षेत्र के गड़ेरना गांव निवासी राम रमैया दास ने बताया कि वह रामकुमार के साथ ही रहता था। रविवार रात दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। इसके बाद रामकुमार ने ज्यादा शराब पीने की बात कहकर उसे लात मारकर दाढ़ी खींच दी थी। इससे गुस्साकर उसने पत्थर से रामकुमार के चेहरे व सिर पर कई वार कर दिए। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सीओ रामसिंह ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त खून से लगा हुआ पत्थर बरामद कर लिया है। साथ ही दो घंटे में हत्या का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी का घटनास्थल पर गिर गया था आधार कार्ड
जालौन। स्टैंड पर पंक्चर की दुकान के पास रामकुमार व रामरमैया के बीच शराब पीने के बाद हुए झगड़े में रामरमैया का आधार कार्ड और अन्य सामान घटनास्थल पर ही गिर गया। घटना के बाद आरोपी शराब के नशे में होने की वजह से वह कहीं भाग नहीं सका और घटनास्थल के सामने ही शराब की दुकान का टट्टर उठाकर अंदर लेट गया। पुलिस ने जब घटनास्थल पर आरोपी का आधार कार्ड देखा और टट्टर के अंदर पड़े उसके कपड़ों में लगे खून के दाग देखे तो पूरा माजरा समझ में आ गया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।