जनचौपाल में शासन द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में जानकारी देते बीडीओ बृजकिशोर कुशवाहा।
- फोटो : ORAI
कदौरा। ब्लाक के ग्राम बरखेरा में जनचौपाल आयोजित की गई। इसमें पहुंचे बीडीओ बृजकिशोर कुशवाहा के सामने बड़ी संख्या में शिकायतें रखी गईं। ग्रामीणों ने बीडीओ से कहा कि रोजगार नहीं दिया जा रहा है। ग्रामीणों ने सामुदायिक शौचालय पर ताला बंद रहने की भी शिकायत की। शिकायत सुनने के बाद बीडीओ ने निस्तारण का आश्वासन दिया। बीडीओ ने ग्राम पंचायत में प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्यों पर जोर दिया। ग्राम सचिवालय में जनचौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं। चौपाल के माध्यम से ग्राम सभा में आवास, मनरेगा, पेंशन, स्वयं सहायता समूहों सहित स्वच्छता अभियान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक शुक्रवार को चयनित ग्राम पंचायतों में चौपाल के माध्यम से योजनाओं का लाभ ग्रामीणों को दिया जाएगा। इससे उनको ब्लाक या तहसील के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। अवर अभियंता अमित मिश्रा ने मनरेगा के तहत कराए जा रहे कार्यों में जॉब कार्ड धारकों की सूची पढ़कर सुनाई। उन्होंने कहा कि इच्छुक व्यक्ति अपना आवेदन कार्यालय में जमा करके जॉबकार्ड बनवा सकता है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पांच लाख रुपये की लागत से बना सामुदायिक शौचालय भी बंद रहता है। केयरटेकर की ओर से रखरखाव के नाम पर धनराशि की बंदरबांट की जा रही है। इस दौरान ग्राम प्रधान श्रीदेवी, प्रतिनिधि वीरेंद्र पाल, जसवंत निराला सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।