उरई। 20 मई को होने वाले मतदान को लेकर शनिवार को मतदान थम गया। बीजेपी ने शक्ति प्रर्दशन दिखाने के लिए रोड शो किया। इसी बीच भाजपा प्रत्याशी भानू प्रताप वर्मा व सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा बीच सड़क पर आपस में नोकझोंक करने लगे। उनके बीच विवाद का वीडियो किसी ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। बहस के बाद सदर विधायक जुलूस छोड कर चले गए। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
भाजपा प्रत्याशी भानू प्रताप वर्मा शनिवार को चुनाव प्रचार थमने से पहले पार्टी नेताओं के साथ रोड शो कर रहे थे। इसी दौरान सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा प्रत्याशी भानु वर्मा से आगे निकल गए, तो भानू वर्मा ने उनके आगे नहीं निकलने के लिए कहा तो दोनों में नोकझोंक होने लगी। इसी बीच किसी ने उनका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो के वायरल होते ही लोग बोले की पार्टी के बीच जो अंदरूनी कलह चल रही थी वह सामने आ गई है। लोगों का कहना है कि सरेराह इस तरीके के व्यवहार से लोगों में गलत संदेश जाता है। वहीं भाजपा की जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित का कहना है कि नोकझोंक होने की कोई बात नहीं है। आपसी बात को विपक्षी लोग तूल दे रहे हैं।