आटा। कदौरा ब्लॉक के ग्राम पंचायत बारा, गढ़ा, कुसमरा, इमिलिया, जोराखेरा, सुनहेटा ग्राम पंचायत के सचिव पद पर कार्यरत संतोष वर्मा का बीते गुरुवार को सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ।
जिसकी जांच बीडीओ कदौरा ब्रजकिशोर कुशवाहा को दी गई। शुक्रवार को बीडीओ जांच करने इमिलिया गांव पहुंचे थे। यहां गढ़ा निवासी राजू वर्मा के साथ कुछ लोग अपनी समस्या लेकर आ गए।
उसे बीडीओ से मिलने नहीं दिया गया तो वह मोबाइल से वीडियो बनाने लगा। तभी अंदर से बीडीओ कदौरा आए और युवक से बात करने लगे। उन्होंने युवक के हाथ से उसका मोबाइल छीन लिया।
इससे ग्रामीण भड़क गए अधिकारी व ग्रामीणों के बीच हुई झड़प से वहां भीड़ लग गई। राजू वर्मा ने चौकी इटौरा में बीडीओ कदौरा, प्रधान जगभान व उसके भतीजों के खिलाफ तहरीर देकर न्याय की मांग की है।
वहीं, बीडीओ ब्रजकिशोर कुशवाहा ने बताया कि वह सचिव की जांच करने गांव गए थे। एक युवक उनके मुंह के पास फोन लगाए था, जिसे हटाने के लिए फ़ोन छीना था।