फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jalaun News: बच्चे लेकर जा रही वैन की टक्कर से वीडीसी की मौत, हंगामा

Fri, 08 Mar 2024 01:00 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, जालौन
विज्ञापन
विज्ञापन
रामपुरा (जालौन)। थाना क्षेत्र के टीहर गांव में घर के बाहर बैठे वीडीसी (ग्राम पंचायत सदस्य) को बच्चे लेकर जा रही वैन ने टक्कर मार दी। घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। चालक वैन छोड़कर भाग निकला। घटना से गुस्साए लोगों ने रामपुरा-गोहन मार्ग जाम कर दिया। डेढ़ घंटे तक लगे जाम में आधा सैकड़ा वाहन फंसे रहे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।
विज्ञापन

थाना क्षेत्र के टीहर गांव निवासी कमलेश प्रजापति (57) बृहस्पतिवार की सुबह घर के बाहर सड़क किनारे मंजन कर रहे थे। उसी दौरान 17 बच्चों को मकटौरा स्थित एक स्कूल लेकर जा रही स्कूली वैन ने उन्हें टक्कर मार दी। उसकी मौके पर मौत हो गई। चालक बच्चों समेत वैन को छोड़कर भाग गया। घटना की जानकारी लगते ही लोगों की भीड़ जमा हो गई। गुस्साए परिजनों ने गोहन-रामपुरा मार्ग पर जाम लगा दिया।
सूचना पर सीओ शैलेंद्र वाजपेयी, रामपुरा थाना प्रभारी अर्जुन सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को कार्रवाई का भरोसा देते हुए शांत कराया। सुबह करीब साढ़े सात बजे से करीब डेढ़ घंटे तक जाम लगा रहा। सीओ शैलेंद्र वाजपेयी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है।
विज्ञापन









डर गए बच्चे, रोते हुए बोले मम्मी-पापा को बुला दो



रामपुरा। हादसा होने के बाद वैन चालक बच्चों को छोड़कर मौके से भाग गया। उसने बच्चों की भी नहीं सोची और वहां से निकल गया। वैन में सवार सभी बच्चे रोने लगे। गनीमत रही कि किसी भी बच्चे को चोट नहीं आई। लेकिन जैसे ही लोगों ने बच्चों को वैन गाड़ी से उतारा तो वह सकपका गए और रोते हुए बोले की मम्मी-पापा को बुला दो। सूचना पर पहुंची पुलिस सभी बच्चों को उनके घर छुड़वाया।







तेज गाड़ी चला रहे थे अंकल



रामपुरा। हादसे के बाद चालक मौके से भाग गया। जानकारी पर ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख बच्चे रोने लगे। तभी मौजूद लोगों ने उन्हें समझाया और पूछा तो उन्होंने गाड़ी चालक का नाम रविंद्र बताया। उन्होंने बताया कि अंकल बहुत तेज गाड़ी चला रहे थे। जिससे बब्बा को टक्कर लग गई।





मानक विहीन वाहनों पर नहीं हो रही कार्रवाई
रामपुरा। प्रशासन की नाक के नीचे से मानक विहीन प्राइवेट वाहनों में क्षमता से अधिक बच्चों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। रामपुरा क्षेत्र में दर्जनों स्कूल वैन ऐसी हैं जो न तो टैक्सी परमिट है तथा न ही स्कूल के बच्चों को लाने ले जाने में मानक के अनुरूप है। यह वैन भी सफेद रंग की है। यानि स्कूली वैन होने का जो पीले रंग का मानक होता है, वही इसे पूरा नहीं किया था। इसके साथ वैन चालक प्रशिक्षित था भी या नहीं, उसके पास लाइसेंस था या नहीं। अभी पुलिस को इसकी कोई जानकारी नहीं हो सकी है। स्कूलों में मानक को धता बता रहीं कई गाड़ियां सड़कों पर एआरटीओ अधिकारियों के सामने से गुजरती हैं, लेकिन फिलहाल इन पर कोई अंकुश नहीं है।
भाई रामशंकर ने बताया कि वह मिट्टी के बर्तन बनाने का कार्य करते थे। वह ग्राम पंचायत सदस्य भी थे। घर में वह ही कमाने वाले थे। उनके दो बेटे रोहित व मोहित सहित पत्नी तारा देवी का रो रोकर बुरा हाल है।।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें