उरई। जिले की नौ निकाय क्षेत्रों की करीब तीन लाख की आबादी को जल्द ही पेयजल संकट से छुटकारा मिल सकता है।
जल निगम को दो नगर पालिका और सात नगर पंचायत क्षेत्रों में पेयजल संबंधित कार्य करने के लिए दो अरब 47 करोड़ 29 लाख रुपये का बजट मिला है। ये कार्य अमृत योजना फेज-2 के तहत धरातल पर कराए जाएंगे। इसमें पहली बार कोंच और कालपी नगर पालिका क्षेत्र में भूमिगत टैंक बनवाएं जा रहे हैं। इनकी क्षमता 400 से लेकर 500 केएल तक होगी। सभी नलकूप, ओवरहेड टैंक और पेयजल लाइन बिछाने का काम भी होगा।
नगर पालिका कोंच और कालपी के लिए 1.60 अरब का बजट मिला है। इसमें दोनों ही पालिका क्षेत्रों में आठ भूमिगत, आठ ओवरहेड टैंक बनेंगे। 24 नलकूप और 250 किलोमीटर से ज्यादा लंबी पेयजल लाइन डाली जाएगी। जो लगभर पूरे नगर को कवर करेगी। वहीं, सात नगर पंचायत के लिए 86.79 करोड़ रुपये का बजट आया है। माधौगढ़ के अलावा अन्य छह में 11 ओवरहेड टैंक, 31 नलकूप और 250 किलोमीटर पेयजल लाइन बिछाई जाएगी। ये काम नगर में कहां-कहां होने हैं, इसके लिए सर्वे होगा। उसके बाद टेंडर प्रक्रिया के बाद इसपर काम शुरू हो जाएगा।
कालपी में 82.56 करोड़ और कोंच 77.94 करोड़ रुपये मिले हैं। दोनों नगर में चार-चार भूमिगत और ओवरहेड टैंक बनेंगे। दोनों में ही 12-12 नलकूप लगेंगे। कालपी में 120 और कोंच में 135 किलोमीटर पेयजल लाइन बिछेगी। यहां पुराने नलकूपों और खस्ताहाल पेयजल लाइनों को ठीक करने का काम भी हो सकता है।
कदौरा में 16.31 करोड़ में एक ओवरहेड टैंक, पांच नलकूप, 40 किलोमीटर पाइपलाइन डाली जाएगी। एट में 13.42 करोड़ रुपये में दो ओवरहेड टैंक, चार नलकूप, 50 किलोमीटर लाइन डाली जाएगी। रामपुरा में 13.24 करोड़ रुपये में दो ओवरहेड टैंक, पांच नलकूप, पांच नलकूप, 40 किलोमीटर लाइन डाली जाएगी। कोटरा में 10.75 करोड़ रुपये में दो ओवरहेड टैंक, पांच नलकूप, 50 किलोमीटर लाइन बिछाई जाएगी। उमरी में 10.35 करोड़ रुपये में दो ओवरहेड टैंक, छह नलकूप, 35 किलोमीटर पेयजल लाइन बिछाई जाएगी। नदी गांव में 8.85 करोड़ रुपये में दो ओवरहेड टैंक, छह नलकूप, 35 किलोमीटर लाइन बिछेगी।
सात नगर पंचायतों में माधौगढ़ में इस बजट के खर्च को लेकर अड़चन आ गई। लाइन बिछाने, ओवरहेड टैंक बनाने और नलकूप लगाने के लिए विभाग को जमीन नहीं मिल रही है। यदि समय रहते जमीन नहीं मिलती है तो माधौगढ़ नगर में पेयजल कार्य को लेकर मिला 13.87 करोड़ रुपये वापस भी लिए जा सकते हैं।
पेयजल कार्य के लिए करीब ढाई अरब का बजट मिल गया है। प्रस्ताव बनाकर टेंडर जारी किए जाएंगे। माधौगढ़ में इन कार्यों के लिए जमीन देखी जा रही है। जल्द ही इन कार्यों को शुरू कराकर पूरा करा दिया जाएगा। -हिमांशु नेगी, अधिशासी अभियंता, जल निगम