जालौन। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के डिवाइडर पर खाना खा रही तीन महिला मजदूरों को बेकाबू डंपर ने टक्कर मार दी।
तीनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। राहगीरों की सूचना पर एक्सप्रेसवे के स्टाफ ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने एक को मृत घोषित कर दोनों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर मौके से भाग गया। घटना से जाम लग गया। सूचना पर एसडीएम व सीओ मौके पर पहुंचे और डंपर को हटवाकर जाम खुलवाया।
सहाव गांव निवासी महिला मजदूर गुलब्सा (19), मुन्नी (40) व गुड्डी (42) मंगलवार सुबह बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर किमी संख्या 211 सहाव गांव के पास डिवाइडर पर लगी घास को काटने व हटाने का काम कर रही थीं। दोपहर में तीनों डिवाइडर पर बैठकर खाना खाने लगीं। इसी दौरान तेज रफ्तार बेकाबू डंपर डिवाइडर की रेलिंग तोड़ता हुआ चढ़ गया और खाना खा रही तीनों महिला मजदूरों को टक्कर मारते हुए आगे जाकर खड़ा हो गया। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से भागा गया।
जानकारी पर एक्सप्रेसवे के स्टाफ ने एंबुलेंस की मदद से तीनों महिला मजदूरों को सीएचसी पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने गुलब्सा को मृत घोषित कर दिया, जबकि मुन्नी व गुड्डी को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम अतुल कुमार व सीओ राम सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। डंपर को हटवाकर यातायात शुरू कराया। सीओ का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चालक की तलाश की जा रही है।