उरई। निपुण भारत मिशन के अंतर्गत एडूलीडर्स यूपी अवार्ड के लिए जिले के दो शिक्षकों का चयन हुआ है। दो सितंबर को लखनऊ की एल्डिको कॉलोनी स्थित पायनियर मांटेसरी इंटर कॉलेज में समारोह का आयोजन होगा।
एडूलीडर्स परिषदीय शिक्षकों को बच्चों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा देने, भारत मिशन की दक्षता को सुनिश्चित करने के लिए ऑनलाइन शैक्षणिक सामग्री, शिक्षकों की संवर्धन क्षमता बढ़ाने जैसे कार्यों के लिए ये पुरस्कार देता है। प्रदेश के 75 जनपदों के 150 शिक्षकों को इसके लिए चुना गया है। महानिदेशक स्कूली शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक विजय किरन आनंद ने बीएसए को पत्र भेजा है। इसमें बताया कि जिले के डकोर ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय कुकरगांव में तैनात शिक्षक डॉ आदर्श कुमार निगम व प्राथमिक विद्यालय लहूरा में तैनात निर्मला बघेल को पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। शिक्षकों के चयन पर सहयोगियों ने खुशी जताई है।