आटा। चोरी की सोलर प्लेटों के साथ पुलिस ने सोमवार को दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पिछले सप्ताह पुलिस तीन अन्य लोगों पर कार्रवाई कर चुकी है।
आटा थाना क्षेत्र के परासन गांव स्थित सोलर प्लांट से कई दिनों से सोलर प्लेटों के चोरी होने की सूचना पुलिस को मिल रही थी। इस पर पुलिस ने पिछले मंगलवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 21 चोरी की सोलर प्लेटें बरामद की थीं। सोमवार को भी पुलिस को सूचना मिली कि दो युवक चोरी की प्लेटों को बेचने की फिराक में नेशनल हाईवे किनारे स्थित खंडहर में बैठे हैं। इस पर थाना प्रभारी अजय सिंह ने छापा मारकर परासन गांव निवासी शनि कुमार व कानपुर देहात के भोगनीपुर थाना क्षेत्र के गोपालपुर निवासी योगेंद्र सिंह को पकड़ लिया। पुलिस को उनके पास से 11 चोरी की सोलर प्लेंटे बरामद हुईं। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी शनि के खिलाफ दो व योगेंद्र के खिलाफ एक मामला दर्ज है। दोनों के ऊपर कार्रवाई की जा रही है। (संवाद)