आटा। ट्रक ने सवारियों से भरे ऑटो में टक्कर मार दी। जिससे उसमें सवार चालक सहित छह लोग घायल हो गए। घटना से हाईवे पर चीखपुकार मच गई। पुलिस ने सभी को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां उनका इलाज चल रहा है। ऑटो में करीब दस सवारियां बैठी थीं।
आटा निवासी ऑटो चालक अरविंद बुधवार दोपहर बस स्टैंड से करीब दस सवारियों को लेकर उरई आ रहा था। जैसे ही ऑटो थाना क्षेत्र के उकासा टोल के पास पहुंची तभी आटा की ओर से आ रहे ट्रक ने ऑटो में टक्कर मार दी। जिससे ऑटो डिवाइडर पर पलट गया। हादसे में सधारा निवासी शिवराम (45), पिपरायां बीएलओ कौशिल्या (40), क्षमा (18), खुशी (15), आशा (37) व चालक अरविंद (30) घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से भाग गया। थानाध्यक्ष लोकेंद्र सिंह का कहना है कि घायलों को मेडिकल कॉलेज भिजवा दिया गया है। टक्कर मारने वाले चालक की तलाश की जा रही है।