उरई। कालपी स्टेशन के आसपास ट्रैक पर पत्थर व गिट्टी रखकर ट्रेनों को अतिरिक्त रोकने की घटनाएं बढ़ी है। सोमवार को भी कालपी के यार्ड में सिग्नल जोड़ने वाले प्वाइंट पर शरारती तत्वों ने पत्थर रख दिया।सिग्नल लाल होने की वजह से ट्रेन रोक दी गई। बाद में स्टेशन अधीक्षक ने प्वाइंटमैन को भेजकर ट्रैक में फंसा पत्थर हटवाया। तब जाकर ट्रेन का संचालन बहाल हुआ।
कालपी स्टेशन के यार्ड में पिछले 15 दिनों से रेलवे ट्रैक पर सिग्नल प्वाइंट वाले स्थान पर शरारती तत्व पत्थर रख रहे हैं। जिससे सिग्नल न मिल पाने के कारण ट्रेन को अतिरिक्त खड़ा करना पड़ता है। सोमवार को भी यार्ड के सिग्नल प्वाइंट पर पत्थर रख दिया गया। जिसकी वजह से मेमू ट्रेन अतिरिक्त खड़ी रही।
स्टेशन अधीक्षक नरेंद्र कुमार वर्मा ने इसकी सूचना जीआरपी और आरपीएफ के अधिकारियों को दी। उन्होंने बताया कि कालपी स्टेशन पर रुकने वाली झांसी-लखनऊ इंटरसिटी, झांसी-लखनऊ पैसेंजर, झांसी-कानपुर मेमू, ग्वालियर-बरौनी छपरा मेल और साबरमती एक्सप्रेस, कुशी नगर एक्सप्रेस, प्रथम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी समेत जो भी ट्रेनें रुकती है, उनमें आए दिन ऐसी घटनाएं सामने आती है। उन्होंने आशंका जताई कि अवैध वेंडर ट्रेनों में सामान बेचने के चक्कर में ऐसी हरकतें कर सकते हैं।