कोंच। पुलिस की संवेदनशीलता और सक्रियता से दो लाख रुपए गंवा चुके व्यापारियों को उनका पूरा पैसा कुछ ही घंटों में वापस मिल गया। पैसा वापस मिलने के बाद व्यापारियों ने राहत की सांस ली। बैग में दो लाख की रकम लेकर माल खरीदने कानपुर जा रहे व्यापारियों का पैसों से भरा बैग बस में किसी अन्य यात्री के बैग से बदल गया। व्यापारियों की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने सर्विलांस टीम की मदद से कुछ ही घंटों में नकदी समेत बैग बरामद कर व्यापारियों को उनका पैसा लौटा दिया है।
कोंच के मोहल्ला प्रताप नगर निवासी राज अग्रवाल और ग्राम अंडा निवासी सुरेंद्र बुधवार की सुबह सात बजे माल खरीदने के लिए रोडवेज बस से कानपुर जा रहे थे। उक्त दोनों व्यापारी एक ही बैग में अपने 2.10 लाख रुपये रखे हुए थे। उरई पहुंचने पर जब बस रुकी तो बस में सवार एक व्यक्ति अपना बैग छोड़कर व्यापारियों का बैग लेकर नीचे उतर गया। व्यापारियों की नजर जब बैग पर पड़ी तो उनके होश उड़ गए। व्यापारियों ने इसकी सूचना पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा सहित कोंच कोतवाली पुलिस को दी। उक्त व्यक्ति ने बस में छूटा बैग पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने जब बैग में रखे कागजात देखे तो उसमें एक मोबाइल नंबर लिखा हुआ था। जिस पर फोन कर प्रभारी निरीक्षक नागेंद्र कुमार पाठक ने व्यापारियों को बैग सुपुर्द कर दिया।