कोटरा। ग्राम भरसूडा के निकट वन विभाग क्षेत्र में अवैध रूप से मौरंग खनन कर रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली को वन विभाग की टीम ने पकड़ लिया। ग्रामीणों की शिकायत पर रेंजर सुभाष वर्मा ने सोमवार देर रात कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर वन रेंज कार्यालय पचोखरा में खड़ा करा दिया। पकड़ा गया ट्रैक्टर भरसूडा निवासी राजेश यादव का बताया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि वन क्षेत्र में लंबे समय से मौरंग का अवैध खनन किया जा रहा है। इसको लेकर कई बार विभागीय अधिकारियों से शिकायत की गई थी। कार्रवाई के बाद ग्रामीणों ने अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है। (संवाद)