कदौरा। आदर्श और श्रेष्ठ गांवों को चिह्नित करने के लिए शासन ने तैयारी शुरू कर दी है। ब्लॉक स्तर पर गांवों की रिपोर्ट तैयार की जा रही है। 10 मानक तैयार किए गए हैं। इन मानकों पर गांव कितना खरे हैं, इसकी पड़ताल के बाद फाइल आगे बढ़ाई जाएगी। इससे पहले सचिवों से मानकों के आधार पर ही आदर्श ग्राम बनने के लिए आवेदन मांगे जाएंगे।
आदर्श ग्राम पंचायतों को राष्ट्रीय मानकीकरण संगठन ( आईएसओ ) प्रमाणित कराने के लिए यह कवायद कराई जा रही है। ब्लॉक में 71 ग्राम पंचायते हैं। पंचायती राज विभाग से एडीएम पंचायत संतोष बाबू गौतम ने बताया कि आदर्श ग्राम बनने के लिए ग्राम पंचायतों से पहले आवेदन मांगे जाएंगे। जो आवेदन करेगा, वहां 10 मानकों से जुड़ी रिपोर्ट मांगी जाएगी। इसमें पंचायत भवन की क्रियाशीलता, वहां दस्तावेजों के रखने की व्यवस्था, ग्राम प्रधान के साथ ही पंचायत सदस्य, ग्राम पंचायत सचिव, पंचायत सहायक तथा सफाई कर्मचारी की तैनाती, महिला और पुरुष के लिए अलग-अलग शौचालय, गांव में पथ प्रकाश, स्वच्छता, पेयजल, विद्यालय, सड़कें आदि की स्थिति को बतानी होगी। जो, इन दस मानकों पर अपने ग्राम पंचायतों की बेहतर स्थिति बताती हुई रिपोर्ट भेजेंगे। वहां संबंधित टीम स्थलीय निरीक्षण करते हुए मानकों के आधार पर ग्राउंड रिपोर्ट जांचेगी। जो उसमें सटीक सामने आएगा, उस गांव की रिपोर्ट आईएसओ प्रमाणित होने के लिए शासन को भेजी जाएगी।