उरई। झांसी-कानपुर रेलमार्ग पर यात्रियों के लिए किन्नर परेशानी का सबब बन गए है। लगातार मिल रही शिकायतों को संज्ञान में लेकर आरपीएफ ने इनके खिलाफ अभियान चलाया और तीन किन्नरों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ रेलवे एक्ट में मामला दर्ज किया है।
इन दिनों अवैध रूप से ट्रेनों में खानपान सामग्री बेचने व किन्नरों द्वारा यात्रियों से ट्रेनों में अवैध वसूली को लेकर आरपीएफ ने अभियान अभियान चलाया। इस रेलमार्ग से 32 जोड़ी से अधिक पैसेंजर ट्रेनों का आवागमन होता है। जिसमें ज्यादातर ट्रेनों का ठहराव उरई स्टेशन पर है। इन ट्रेनों में अवैध वेंडरों के साथ किन्नरों का भी आतंक है। यह किन्नर वसूली के लिए यात्रियों से अभद्रता और मारपीट करने से भी नहीं चूकते है।
पिछले दिनों किन्नर गुरु दिव्या ने इन किन्नरों के खिलाफ कार्रवाई के लिए आरपीएफ से कहा था। लगातार मिल रही शिकायतों का संज्ञान लेकर आरपीएफ ने शनिवार की रात अहमदाबाद से बनारस जाने वाली साबरमती एक्सप्रेस में चेकिंग के दौरान किन्नर नीलम, सुंदरी और आशमा निवासी तुलसीनगर को गिरफ्तार किया है। आरपीएफ इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार यादव ने बताया कि दोनों तरफ रेलमार्गों की अप और डाउन ट्रेनों की चेकिंग के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। अलग-अलग जाकर ट्रेनों में अभियान चलाकर कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने बताया कि तीन के खिलाफ उरई में और तीन के खिलाफ पुखरायां में भी तीन के खिलाफ मुकदमा लिखा गया।