उरई। धान खरीद केंद्र के बाहर किसानों ने ठगी करने वाले तीन व्यापारियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। दरअसल, मंगलवार को कैलिया गांव में सरकार द्वारा खोले गए धान खरीद केंद्र के बाहर मध्यप्रदेश के एक व्यापारी ने आकर केंद्र के बाहर किसानों को प्रलोभन देकर उनकी धान खरीदने की बात कही। साथ ही कांटा लगाकर धान की खरीद भी शुरू कर दी। तभी कुछ किसानों ने अपनी बोरियों की घटतौली का आरोप लगाकर विरोध किया। इस पर मामला तूल पकड़ गया। इसी बीच किसी किसान ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बोरी की तौल दूसरे कांटे पर कराई गई तो करीब सात किलो का अंतर तौल में आया। इस पर मामले की जानकारी मिलने पर एसडीएम ज्योति सिंह ने तत्काल बांट माप अधिकारी को मौके पर जाने का निर्देश दिया। पुलिस ने धान व्यापारी राधेश्याम, बब्लू राठौर और रोहित राठौर को हिरासत में ले लिया है।