उरई। 15 दिन पहले ही इस बार गेहूं की खरीदारी शुरू हो जाएगी।
इससे किसान सीधे सरकारी क्रय केंद्रों पर जाकर अपने गेहूं की बिक्री कर सकेंगे। इस बार समर्थन मूल्य में 150 रुपये की बढ़ोतरी भी की गई है। एक जनवरी से पंजीकरण भी शुरू हो गए हैं।
जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी गोविंद उपाध्याय ने बताया कि वर्ष 2023 में एक अप्रैल से 81 क्रय केंद्रों पर गेहूं की खरीद शुरू हुई थी। जिले के 1,910 किसानों ने 9912.30 मीट्रिक टन गेहूं की बिक्री की थी। इस वर्ष किसान अधिक संख्या में आकर सरकारी केंद्रों पर अपना गेहूं बेचें, इसलिए 15 मार्च से खरीद शुरू कर दी जाएगी। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गईं हैं।
शासन की तरफ से इस वर्ष 150 रुपये की बढ़ोतरी करते हुए समर्थन मूल्य 2,275 किया गया है, पहले यह मूल्य 2,125 रुपये प्रति क्विंटल था। इस व्यवस्था में एडीएम वित्त एवं राजस्व संजय कुमार को खरीद प्रभारी बनाया गया है। वह समर्थन मूल्य के अनुसार खरीद शुरू कराएंगे। एडीएम ने बताया कि किसानों से सीधे संवाद कर लक्ष्य से अधिक खरीद करने का प्रयास होगा।