मुहम्मदाबाद। छत के रास्ते किसान के घर में घुसे चोरों ने कमरों का ताला तोड़कर उसमें रखी अलमारी का लाक तोड़कर सात लाख रुपये के जेवर पार कर दिए। दंपती बाहर से लौटे तो कमरे में गायब सामान देख उनके होश उड़ गए। गृहस्वामी की सूचना पर पहुंची फोरेंसिक टीम और थाना पुलिस ने साक्ष्य एकत्रित कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। गृहस्वामी ने चोरी की तहरीर पुलिस को दे दी है।
डकोर निवासी किसान शीलेंद्र उर्फ शीलू यादव ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 25 नवंबर को वह पत्नी सहित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। घर की ऊपरी मंजिल में वे पत्नी के साथ रहते हैं। नीचे की मंजिल पर माता-पिता रहते हैं और कम ही ऊपर जाते हैं।
मंगलवार को जब वे घर लौटे तो कमरों का ताला टूटा देखा जब अंदर जाकर देखा तो कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। चोर अलमारी में रखीं सोने की दो चूड़ियां, दो अंगूठी, एक जोड़ी झुमकी, एक बाजूबंध, दो जोड़ी पायलें सहित लगभग सात लाख का सामान पार कर ले गए।
सूचना पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए। डकोर थानाध्यक्ष समीर सिंह का कहना है कि चोरी की जानकारी होने पर फोरेंसिक टीम के साथ उन्होंने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की है जल्द ही चोरों को पकड़कर खुलासा किया जाएगा।