जालौन। एक ही रात में चोर दो घरों में घुसकर जेवर व नकदी चोरी कर ले गए। सुबह जब परिजनों की नींद खुली तो बक्सा गायब होने की जानकारी मिली। खोजने पर बक्सा गांव के बाहर खेतों में पड़ा मिला। पीड़ित ने जेवर व नगदी चोरी होने की सूचना कोतवाली में दी। पुलिस ने मौका मुआयना कर जांच पड़ताल शुरू की।
क्षेत्र के ग्राम रूरा मल्लू निवासी किसान भरत कुमार ने पुलिस को बताया कि रविवार रात परिवार के सदस्य खाना खाकर एक कमरे में सो गए। दूसरे कमरे में बक्से में जेवर व नकदी रखी थी। उस कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी थी। रात में किसी समय चोर घर के अंदर आए और कमरे की कुंडी खोलकर उसमें रखा बक्सा उठा ले गए। सुबह जब उनकी नींद खुली तो देखा कमरे का दरवाजा खुला है और बक्सा गायब था। जब उसने घर के अन्य सदस्यों को जगाकर इस बारे में जानकारी ली तो सभी ने अनभिज्ञता जताई। जब घर का मेन दरवाजा देखा गया तो वह भी खुला था। इसके बाद अहसास हुआ कि चोर मेन दरवाजे से बक्सा लेकर भागे हैं। चोरी की जानकारी होने पर आसपास खेतों में तलाश किया तो गांव के बाहर एक खेत में बक्सा खुला हुआ पड़ा था और बक्से के अंदर कपड़े आदि सभी सामान बिखरा पड़ा था। बक्से के अंदर दो लाख रुपये नकद समेत पायल, हाफ पेटी, मंगलसूत्र, सोने के कुंडल, चार अंगूठियां व मांग टीका आदि सामान गायब था।
वहीं, किसान रोहित सेंगर ने बताया कि वह बरामदे में सो रहा था। चोर अलमारी व बक्से का ताला तोड़कर 86 हजार रुपये नकद, सोने का मंगलसूत्र, चार चू़ड़ियां, सोने की जंजीर आदि सामान चोरी कर ले गए। पीड़ित गृहस्वामियों की सूचना पर पुलिस ने मौके का मुआयना कर जांच शुरू की। इस बाबत कोतवाल कुलदीप तिवारी ने बताया कि चोरी की सूचना मिली है। पुलिस कार्रवाई कर रही है।