कालपी। किसी मानसिक तनाव में युवक ने घर के बाहर खेत में लगे पेड़ से रस्सी का फंदा बनाकर जान दे दी। ग्रामीण जब खेतों की तरफ गए तो युवक का शव फंदे से लटका देख परिजनों को सूचना दी।
कोतवाली क्षेत्र के शाहजहांपुर के मजरा प्रीतमपुर डेरा निवासी अरुण कुमार (28) सोमवार की सुबह बिना किसी को बताए घर से खेतों की तरफ चला गया और वहां उसने खेत में लगे नीम के पेड़ से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने बताया कि पिता शिव प्रसाद पीआरडी जवान हैं और माधौगढ़ तहसील में ड्यूटी करते हैं। उसकी शादी छह माह पहले उरई के मोहल्ला बघौरा निवासी संजना के साथ हुई थी। वह चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसने यह कदम क्यों उठाया परिजन इसकी जानकारी नहीं दे पा रहे हैं। उसकी मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। कोतवाल जितेंद्र सिंह का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जांच पड़ताल की जा रही है। परिजनों ने बताया कि सुबह करीब आठ बजे वह बिना किसी को बताए घर से निकल गया। करीब आठ बजे जब परिजन खेत पर गए तो उसका शव फंदे से लटका देख कोहराम मच गया। उन्होंने बताया कि आत्महत्या करने से पहले उसने अपनी फंदा लगाते हुए फोटो खींची थी पर फोटो उसने किसको भेजी इसकी जानकारी नहीं है।