उरई। कुठौंद क्षेत्र के बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर वाहनों की चेकिंग कर रहे एआरटीओ प्रवर्तन के साथ मौजूद सिपाही के ऊपर एक चालक ने ट्रक चढ़ाने का प्रयास किया। एआरटीओ की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर तलाश शुरू कर दी है।
कुठौंद थाने में दी तहरीर में एआरटीओ प्रवर्तन राजेश कुमार ने बताया कि वह हमराहियों के साथ बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें मौरंग से लदा ओवरलोड ट्रक आता दिखाई दिया। जब प्रवर्तन दल ने ट्रक को रुकवाया तो चालक व हेल्पर मौके से भाग गए। इस पर मौजूद सिपाही खुद ही ट्रक चलाकर थाने ले जाने लगा इसी बीच ट्रक मालिक रोहित यादव ने जीपीएस से गाड़ी को लॉक कर दिया।
इसके बाद ट्रक मालिक अपने चालक के साथ मौके पर पहुंचा और उनके सामने से ही जबरन ट्रक अपने साथ ले जाने लगा। सिपाही ने आगे खड़े होकर ट्रक रोकने का प्रयास किया तो चालक ने सिपाही जितेंद्र कुमार के ऊपर ट्रक चढ़ाने की कोशिश की, बचने में जब वह किनारे की ओर कूदे तो चालक ट्रक को लेकर औरैया की तरफ भाग गया। एआरटीओ ने ट्रक मालिक के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने के साथ ही ट्रक में भरी ओवरलोड मौरंग सड़क पर फैलाकर सार्वजनिक संपत्ति के नुकसान पहुंचाने के मामले में एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।