उरई। गल्ला व्यापार समिति के तत्वावधान में गल्ला मंडी स्थित राधाकृष्ण मंदिर परिसर से शोभा यात्रा निकाली गई। रास्ते में भक्तों ने फूल बरसाए। शोभा यात्रा के समापन के बाद विष्णु महायज्ञ का शुभारंभ हो गया।
राधाकृष्ण मंदिर में सोमवार को वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ शोभायात्रा शुरू हुई। इसमें एक हजार महिलाएं सिर पर कलश धारण कर चल रही थी। शोभायात्रा में स्कूली बच्चों की झांकिया, बैंडबाजे, बहुरुपिया पार्टी आदि चल रही थी। भागवताचार्य कृष्णचंद्र शास्त्री एक बग्घी पर सवार होकर चल रहे थे। इसके अलावा कई संत भी बग्घियों पर सवार होकर चल रहे थे। शोभायात्रा का जगह जगह स्वागत किया गया। औषधि विक्रेता संघ के अध्यक्ष देवेंद्र सेठ, उदयकरन, हिमांशु गुप्ता, गौरव ददरया ने शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर पानी की बोतलें वितरित कीं।
शोभायात्रा राठ रोड ओवरब्रिज से होकर संकटा देवी मंदिर, घंटाघर चौराहा, शहीद भगत सिंह चौराहा होकर स्टेशन रोड होकर वापस महायज्ञ स्थल पहुंची। शोभायात्रा में बज रहे भक्ति गीत से माहौल भक्तिमय हो गया। दुकानदार यहां पर पूजा सामग्री के साथ-साथ महिलाओं के श्रंगार, बच्चों के खिलौने और घर-गृहस्थी का भी सामान बेचते हैं। इस दौरान कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, डॉ दिलीप सेठ, प्रीति बंसल, श्रवण गुप्ता, शिवकुमार निगौतिया, संजय रावत, अनूप माहेश्वरी आदि मौजूद रहे।
झांकी और बैंड के विजेता पुरस्कृत किए गए
उरई। झांकी प्रतियोगिता में सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज शांति नगर ने पहला, बाल भारती इंटर कॉलेज ने दूसरा और रामजीलाल पांडेय बालिका इंटर कॉलेज ने तीसरा स्थान पाया। बैंड प्रतियोगिता में पटेल बैंड ने पहला, भारत बैंड ने दूसरा और पंजाबी बैंड ने तीसरा स्थान पाया। इसके अलावा बहुरुपिया नृत्य, दीवाली नृत्य और मुस्करा ढोल टीम को भी सम्मानित किया गया। विजेताओं को जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद्र निरंजन, गल्ला व्यापार समिति के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप माहेश्वरी आदि ने सम्मानित किया।