कदौरा। ब्लॉक के हरचंदपुर और भेंडी खुर्द में रविवार रात छुट्टा मवेशियों ने 50 बीघा फसल रौंद दी। फसल नष्ट होने से किसानों में आक्रोश छा गया। उन्होंने समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।
हरचंदपुर निवासी किसान आशीष सिंह की 10 बीघा तिल, खड़क सिंह की पांच बीघा ज्वार, रिंकू की तीन बीघा मूंग, कुलदीप सिंह की पांच बीघा उड़द की फसल मवेशियों ने रौंद दी।
कपिल की तीन बीघा अरहर और बिल्लू की दो बीघा धान की फसल भी बर्बाद हो गई। वहीं भेंडी खुर्द में वीर सिंह की आठ बीघा मूंगफली, सरमन सिंह की चार बीघा ज्वार, शिवपूजन सिंह की तीन बीघा अरहर, पुल्लू की सात बीघा बाजरा की फसल भी मवेशियों ने नष्ट कर दी है।
किसानों का आरोप है कि शासन ने अन्ना मवेशियों को गोशाला में संरक्षित करने आदेश दिए हैं लेकिन अधिकारी सिर्फ कागजों में ही इसे चला रहे हैं। एसडीएम अंकुर कौशिक ने कहा की मामला संज्ञान में नहीं है। जांच करवाकर कार्रवाई करेंगे।