कालपी। टप्पेबाज युवक ने प्राइवेट एटीएम से लगभग डेढ़ लाख रुपये की नकदी पार कर दी। संचालक को जानकारी होने पर उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। लेकिन पुलिस ने 24 घंटे बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की। युवक के एटीएम से रुपये निकालने की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला राजघाट स्थित टाटा प्रोडक्ट कंपनी के एटीएम से गुरुवार की दोपहर युवक ने एटीएम खोलकर डेढ़ लाख रुपये की नगदी चोरी कर ली। देर शाम संचालक सदर बाजार निवासी संचालक धर्मेद्र प्रनामी जब एटीएम पहुंचे तो एटीएम से नकदी गायब देख होश उड़ गए। जब उन्होंने निकासी की डिटेल का मिलान किया तो डेढ़ लाख रुपये कैश कम था।
उन्होंने इसके बाद एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे में देखा तो दोपहर 12:40 बजे एक अज्ञात युवक एटीएम बूथ के अंदर आया और एटीएम में पासवर्ड डालकर लॉकर खोल दिया। इसके बाद उसमें रखी लगभग डेढ़ लाख की नकदी अपने बैग में डालकर चला गया। संचालक ने देर रात कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी, लेकिन घटना के चौबीस घंटे बाद भी कोई पुलिस कर्मी एटीएम तो दूर उसके पास भी नहीं भटका। संचालक का कहना है कि पुलिस ने 24 घंटे बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की है।
सीओ कालपी डॉ. देवेंद्र पचौरी का का कहना है कि एटीएम के जानकार ने ही पासवर्ड व चाबी से एटीएम से रुपयों की चोरी की है, जांच की जा रही है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर युवक की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।