उरई। होली त्योहार को लेकर जिले की सभी तहसीलों में खाद्य सुरक्षा विभाग ने अभियान चलाकर खोया, मिश्रित दूध के नमूने लिए। सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. जतिन कुमार सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने माधौगढ़ तहसील के ग्राम कुटरा में स्थित डेयरी से खाद्य पदार्थ पनीर का नमूना संग्रहित किया। कुसेपुरा में काशीप्रसाद की खोया भट्टी से खाद्य पदार्थ खोया, घी, मिश्रित दूध के लिए नमूने लिए। कुसेपुरा रोड पर दूध लेकर मध्य प्रदेश जा रहे पिकअप रोककर उससे दूध का नमूना लिया। मौजा रतनपुर जगम्मनपुर में स्थित कामधेनु डेयरी से दूध का नमूना लेकर परीक्षण को प्रयोगशाला भेजा गया। इस दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार राय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार शंखवार, कन्हैया लाल यादव, सुनील कुमार व महेश प्रसाद रहे। (संवाद)