महेवा। रामायण पाठ कर रहे प्रधान पुत्र की माइक में उतरे करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कालपी कोतवाली क्षेत्र के बैरई गांव निवासी अंकित यादव (24) सोमवार को घर पर आयोजित अखंड रामायण पाठ के दौरान हाथ में माइक पकड़कर बैठे थे।
इस बीच अचानक माइक में करंट उतर आया। चीख पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह उसे माइक से अलग किया। इसके बाद जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अंकित पांच भाइयों में दूसरे नंबर का था।
पिता दिनेश ग्राम प्रधान हैं। अंकित पिता के कामों में सहयोग करता था। मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम के बाद अंकित का शव गांव पहुंचते ही मातम छा गया।