उरई/कोंच। निर्माण कार्य पूरा होने से पहले ही कैलिया रोड को पहाड़गांव रोड से जोड़ने वाला बाईपास धंस गया है। इसके अलावा जगह-जगह गड्ढे हो जाने से पूरी सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। धंसी सड़क की हालत देखकर ऐसा लग रहा है जैसे अभी सड़क बनी ही नहीं है। खास बात यह है कि अभी इस बाईपास सड़क का लोकार्पण भी नहीं हुआ है और इसका अस्तित्व ही मिट गया है।
कस्बे की बड़ी समस्याओं में शुमार जाम की समस्या को देखते हुए कस्बे के बाहर बाहर बाईपास का निर्माण कराया जा रहा है। पंचानन से दोहर तक कैलिया बाईपास बनकर तैयार भी हो गया है लेकिन दोहर से पहाड़गांव रोड तक तीन किलोमीटर लंबा व सात मीटर चौड़े बनाए जा रहे कैलिया-पहाड़गांव बाईपास की लागत 6 करोड़ 43 लाख है। निर्माण कार्य अभी पूरा भी नहीं हुआ है लेकिन कैलिया रोड से पहाड़गांव रोड तक 18 सौ मीटर सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। इसमें जगह-जगह बड़े से गड्ढे हो गए हैं।
सड़क पर वाहनों का निकलना तो दूर की बात है, लोग पैदल तक नहीं निकल सकते हैं। इतनी बड़ी लागत से मात्र तीन किलोमीटर सड़क सही नहीं बन पा रही है। जेई पीडब्ल्यूडी इंदल सिंह का कहना है कि सड़क के किनारे दोनों साइडों पर मिट्टी न डाले जाने के कारण सड़क क्षतिग्रस्त हुई है। अभी पूरा काम भी नहीं हुआ है। ठेकेदार की जिम्मेदारी है, वह पूरा काम करके देगा। मिट्टी के लिए किसानों ने मुआवजा ले लिया है लेकिन मिट्टी नहीं उठाने दे रहे है। जिसकी शिकायत भी अधिकारियों से की गई है। मिट्टी की पट्टी के कारण सड़क खराब हो रही है।