जालौन। बारातियों से भरी बस सेंट्रल बोल्ट टूटने से अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में दो बाराती गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इसके अलावा कई बाराती मामूली रूप से घायल हुए। तहसील क्षेत्र के ग्राम शेखपुर बुजुर्ग निवासी वीरपाल सिंह सेंगर की बारात बुधवार को हमीरपुर क्षेत्र के ग्राम खरेला गई थी। शादी के बाद बारात सुबह वापस शेखपुरा गांव लौट रही थी। तभी सुबह लगभग नौ बजे लोहिया पुल से पहले अचानक बस का सेंट्रल बोल्ट टूट गया और बस अनियंत्रित हो गई। चालक ने बस को नियंत्रित करने की तमाम कोशिशें की लेकिन बस पुल पार करते ही सड़क किनारे गहरी खाई में चली गई। बस के खाई में गिरते ही बस में बैठे 60 बारातियों में चीख पुकार मच गई। बारातियों की चीख पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग दौड़कर बस के पास पहुंचे और उन्होंने बारातियों को बस से बाहर निकाला। हादसे में शेखपुरा निवासी यशवंत सिंह सेंगर व अरविंद्र सिंह के सिर में काफी गंभीर चोटें आईं। इसके अलावा कई बाराती मामूली रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को मौके से निकल रहे राहगीरों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां उनका इलाज चल रहा है।