जालौन। ओला कंपनी की डीलरशिप देने के बहाने महिला ठग ने साथी संग मिलकर भवानीराम मोहल्ला निवासी युवक से 28 लाख रुपये की ठगी की थी।
मामले में पुलिस ने रविवार को ठग को बिहार से गिरफ्तार कर लिया है। उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
कोतवाली क्षेत्र के भवानीराम निवासी अरुण सिंह निरंजन की फेसबुक आईडी पर जून में ओला कंपनी की डीलरशिप लेने के लिए विज्ञापन आया था।
विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद अनुष्का सिंह नाम की महिला का फोन आया। खुद को ओला की बैंगलोर शाखा का ब्रांच मैनेजर बताकर डीलरशिप दिलाने का लालच दिया।
इसके बाद सीनियर मैनेजर बताने वाले आलोक कुमार अग्रवाल से बात कराई। दोनों ने अच्छा व्यापार करने की बात कहकर एक एकाउंट में किस्तों में 28 लाख 20 हजार रुपये जमा करा लिए।
ओला कंपनी के लेटर पेड पर भुगतान की रसीद भी मोबाइल पर भेज दी। जब डीलरशिप संबंधी कागज मांगे तो टहलाने लगे। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की।
तब पता चला कि बिहार के पटना से रकम की निकासी की गई है। एसओजी और पुलिस ने पटना के धनेरुआ, किश्तीपुर निवासी मनोज कुमार को बिहार के नबादा से गिरफ्तार किया है।